पूर्व मंत्री आरके चौधरी की बीएस-4 का समाजवादी पार्टी में विलय

बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक सदस्य पूर्व मंत्री तथा बीएस-4 के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री आर.के. चौधरी ने आज अपने संगठन का समाजवादी पार्टी में विलय कर दिया। पूर्व मंत्री श्री ओमवेश ने भी आज अपने सैकड़ों साथियों के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। दोनों नेताओं ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में आस्था जताते हुए भाजपा को जड़ से उखाड़ फेंकने में अपने सभी साथियों से एकजुट होने का आव्हान किया।

समाजवादी पार्टी मुख्यालय, लखनऊ में आज बसपा के हजारों साथियों एवं पूर्व सांसदों पूर्व विधायकों के अतिरिक्त बीएस-4 के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। इनमें प्रमुख थे पूर्व सांसद रामशंकर भार्गव, राणा प्रताप सिंह, मो0 निजामुल्ला खान, मुन्नू राम आदि। स्वामी ओमवेश के साथ श्री आदित्यवीर सिंह और चौधरी जयपाल सिंह आदि भी पार्टी के सदस्य बने। इनके अतिरिक्त सीतापुर की श्रीमती प्रतिभा सिंह तथा यशस्वी सिंह ने भी सदस्यता ली। समाजवादी पार्टी में आए सभी नेताओं का स्वागत करते हुए श्री अखिलेश यादव ने उम्मीद जताई कि इनके आने से समाजवादी पार्टी को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि गुजरात के चुनावों से भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ही सन् 2019 में भाजपा का रास्ता रोकेेगी। उन्होंने कहा भाजपा मुद्दो से ध्यान हटाने का काम करती है। सबको मालूम हो गया है कि गुजरात माॅडल धोखा है। अब समाजवादी जमींन की लड़ाई लडे़ंगे और भाजपा को रोकेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री जी ने कहा है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की हालत बदतर है। राजधानी में एक पूर्व विधायक के बेटे की हत्या हो गई। अपराध बढ़े हुए हैं। भाजपा गरीब, किसान, नौजवान की बात नहीं करती है। आलू किसान परेशान हैं। धान की खरीद नहीं हुई हैं। बिजली के दाम बढ़ा दिए गए हैं। आज जिस तरह की राजनीति हो रही है उससे देश आगे नहीं बढ़ सकता हैं।

श्री यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकारों ने कोई काम नहीं किया है। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार यूपीकोका के माध्यम से जनता को डराना चाहती हैं। एक यूनिट बिजली नहीं बनाई लेकिन बड़ी-बड़ी बातें बनाते हैं। जनता को बहकाने की कला में भाजपाई पारंगत हैं। हमने एक्सप्रेस-वे पर लड़ाकू जहाज, मालवाहक जहाज उतार दिए लेकिन पानी पर जहाज उतार कर गुजरात में चुनाव जीत लिया। भाजपा कों मूल मुद्दों से ध्यान बटाने की कला आती हैं।

जातियों को संख्या के आधार पर मिले भागीदारी–

श्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी वंचितों, दलितों को उनका हक दिलाएंगे। हम चाहते हैं कि हर किसी को उसकी जनसंख्या के आधार पर हक मिलें। हम किसी का हक छीनना नहीं चाहते हैं। हक की लम्बी लड़ाई जीतने के लिए बूथ स्तर पर संगठन को सृदृढ़ करना होगा। तभी हमारी जीत होगी।

श्री आर.के. चौधरी ने अपने साथियों से कहा कि वे समाजवादी पार्टी के नेताओं-कार्यकताओं के साथ तालमेल से काम करें। अब हम सबको समाजवादी पार्टी को मजबूती देनी है। स्वामी ओमवेश ने कहा कि अब देश के भाईचारे को जाति-धर्म के बहाने तोड़ने की साजिश हो रही है। उन्होंने श्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में विश्वास जताया और कहा कि वे अपनी सांस रहते समाजवादी पार्टी की मजबूती के लिए काम करेंगे।

इस अवसर पर सर्वश्री माता प्रसाद पाण्डेय, बलराम यादव, राजेंद्र चौधरी, अवधेश प्रसाद, इंद्रजीत सरोज, सुशीला सरोज, एसआरएस यादव, अरविन्द सिंह गोप, अरविन्द कुमार सिंह, जावेद आब्दी, पवन पाण्डेय, विकास यादव, विजय यादव आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *