पासी समाज की राष्ट्रिय कार्यकारिणी की बैठक में गहन विचार-विमर्श

लखनऊ (सं.): अखिल भारतीय पासी समाज के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक दिनांक 19 एवं 20 अगस्त 2017 को डीलक्स गेस्ट हाउस, गोमती नगर, लखनऊ (उ0प्र0) में सम्पन्न हुई। बैठक में राष्ट्रीय संरक्षक आर.पी. सरोज- पूर्व आई.पी.एस. एवं आर.सी. कैथल- पूर्व पुलिस महानिदेशक, झारखण्ड शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता आर.ए. प्रसाद, पूर्व आई.ए.एस. एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष पासी समाज ने किया। बैठक का संचालन राम कृृपाल पासी एडवोकेट- प्रधान राष्ट्रीय महासचिव ने किया। बैठक में गुलाब चैधरी- राष्ट्रीय महासचिव, इन्दौर, जगदीश चैधरी- प्रदेश अध्यक्ष, बिहार, आर.पी. चैधरी- प्रदेश अध्यक्ष, झारखण्ड, विक्रम राम राजेश- प्रदेश अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश, गोविन्द बावरिया- प्रदेश अध्यक्ष, मध्य प्रदेश, राधेश्याम पासी- प्रदेश अध्यक्ष, तेलंगाना, बिहारी प्रसाद चैधरी- अध्यक्ष, जगलाल चैधरी स्मृृति संस्थान बिहार, सुन्दरलाल सरोज- राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष, विष्णुदेव- प्रदेश उपाध्यक्ष, उ.प्र., के.पी. वर्मा- प्रदेश महासचिव, उ.प्र., सुरेश पासी- प्रदेश महासचिव, उ.प्र., सत्य नारायण एडवोकेट- राष्ट्रीय संगठन मंत्री, जयकरन कैशियर- प्रदेश उपाध्यक्ष, उ.प्र., बी.डी. राम- जिलाध्यक्ष, रांची एवं सदस्य कार्यकारिणी, शूकर पासी- कार्यकारी अध्यक्ष, झारखण्ड प्रान्त, दिलीप कुमार महथा- सदस्य, राष्ट्रीय कार्यकारिणी, साधूराम चैधरी- सदस्य, राष्ट्रीय कार्यकारिणी, रामपाल रावत- सदस्य, राष्ट्रीय कार्यकारिणी, विश्वजीत- राष्ट्रीय सचिव, राजाराम चैधरी- राष्ट्रीय सचिव, माधो प्रसाद एडवोकेट- राष्ट्रीय सचिव, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के तमाम सदस्यगण, उत्तर प्रदेश के तमाम जिलाध्यक्षों एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया। 

बैठक में एजेन्डावार तमाम बिन्दुओं पर गहन चर्चा हुई। बैठक में तेलंगाना प्रान्त में पासियों को पिछड़ी जाति घोषित किये जाने पर गम्भीर विचार-विमर्श हुआ। यह तय हुआ कि इस बारे में भारत सरकार के गृृह मंत्री मा. श्री राजनाथ सिंह से समय लेकर एक मांग पत्र प्रस्तुत किया जाये। साथ ही इस मामले को लोकसभा में उठवाया जाये। इसके अलावा हैदराबाद में विधानसभा के सामने एक धरना देकर मांग पत्र मुख्यमंत्री को दिया जाये।

बिहार में नीतीश सरकार द्वारा ताड़ी को शराब के समकक्ष मानकर पासियों को प्रताड़ित किये जाने के बारे में भी चर्चा हुयी। यह तय हुआ कि इस बारे में बिहार इकाई मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपे और आवश्यकतानुसार पटना में धरना एवं प्रदर्शन किया जाये। पटना में अभी तक मा. श्री जगलाल चैधरी की प्रतिमा स्थापित न किये जाने पर रोष प्रकट किया गया और यह तय हुआ कि एक मांग पत्र मुख्यमंत्री को दिया जाये। यदि तब भी मूर्ति न लगायी जाये तो धरना एवं प्रदर्शन किया जाये। बिहार में चुनाव भी होना है, इस बारे में शीघ्र प्रभावी कदम उठाया जाये।

झारखण्ड प्रान्त के कई पदाधिकारियों ने झारखण्ड प्रान्त में वर्तमान नेतृत्व से नाखुशी जताई। झारखण्ड में चुनाव होना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वे झारखण्ड के प्रभारी हीरालाल चैधरी को शीघ्र ही झारखण्ड भेजेंगे। यहाँ शीघ्रातिशीघ्र चुनाव कराया जायेगा।

उत्तर प्रदेश में राजा बिजली पासी के किले के संरक्षण में सरकार की उदासीनता के बारे में एक डेलीगेशन लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष से मिलेगा। मुख्यमंत्री से भी समय माँगा गया है। समय मिलते ही उन्हें भी पासी समाज की समस्याओं से अवगत कराया जायेगा। राजा टीकन नाथ पासी के किले पर लाइब्रेरी भवन एवं एक शौचालय बनाने हेतु सहयोग राशि हेतु सभी प्रदेश अध्यक्षों से अनुरोध किया जाये।

मध्य प्रदेश की स्थिति पर विचार- विमर्श हुआ। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मध्य प्रदेश में संगठन को सक्रिय करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भोपाल में प्रतिनिधित्व शून्य है जबकि भोपाल राजधानी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने गुलाब चैधरी- राष्ट्रीय महासचिव मध्य प्रदेश से कहा कि वे व्यक्तिगत ध्यान देकर भोपाल, इन्दौर एवं जबलपुर में संगठन को सक्रिय करें। नये लोगों को जोड़ा जाये, ताकि संगठन में सक्रियता आये। श्री गुलाब चैधरी एवं प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द बावरिया ने कहा कि जबलपुर में एक पासी भवन बन रहा है। इसके तैयार होते ही जबलपुर में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक करायी जायेगी।

दिल्ली प्रदेश के बारे में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया िक दिल्ली प्रान्त के अध्यक्ष मोहनलाल, जो रेलवे में कार्यरत थे, रिटायर हो गये हैं। इसके बाद वे सक्रिय नहीं हैं। उनके स्थान पर नयी कार्यकारिणी का गठन प्रक्रिया में है। उन्होंने कहा कि नयी कार्यकारिणी का गठन हो जाने के बाद दिल्ली में बैठक करायी जाये।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की साल में तीन बैठकें होनी हैं। 22 दिसम्बर 2017 को लखनऊ (उत्तर प्रदेश) में वार्षिक अधिवेषन होना है। अगली कार्यकारिणी की बैठक अप्रैल/मई 2018 में होनी है। यह बैठक बिहार में आयोजित की जायेगी। वहीं यह तय होगा कि उसके बाद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की अगली बैठक कहाँ होगी।

यह भी तय हुआ कि संगठन को जिला स्तर, तहसील स्तर एवं ब्लाक स्तर पर यथाशीघ्र गठित कर लिया जाये। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रत्येक प्रदेश जिले तक के कार्यकारिणी की सूचना राष्ट्रीय अध्यक्ष को दो माह में अवश्य भेज दें, ताकि उनको संकलित कर बुकलेट बनाया जा सके।

यह भी तय हुआ कि प्रत्येक प्रदेश अपने-अपने यहाँ के हर जिले को यह निर्देश जारी करेंगे कि वे पासी समाज को नशामुक्त बनाये जाने के बारे में हैन्डबिल छपवा कर वितरित करायें और सम्मेलन का यह विषय लागू करायें। यह भी तय हुआ कि प्रत्येक जिलों को लिख् जाये कि वे दहेज रूपी दानव के विरुद्ध अभियान चलायें। पासियों के गांवों में आज भी बाल-विवाह प्रचलित हैं। इसके विरुद्ध अभियान चलाने हेतु प्रदेशों को निर्देश दिये गये। 

एक महत्वपूर्ण निर्णय यह भी हुआ कि प्रत्येक राज्य मुख्यालय पर कम से कम पचास हजार रुपये का एक कोष बना लिया जाये। इससे पासी समाज के गरीब मेधावी छात्रों को पुस्तक हेतु अनुदान दिया जाये। इस कोष से प्राकृृतिक आपदा से प्रभावित गरीब पासियों को आर्थिक सहयोग दिया जाये। यदि पासी समाज की गरीब विधवा की पुत्री का विवाह हो, तो वहाँ भी मदद की जाये। यह कोष दो माह में बना लिया जाये एवं इसकी सूचना राष्ट्रीय अध्यक्ष को भी दी जाये। यह प्रदेश अध्यक्षों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी होगी। बिहार में यह राशि एक लाख रुपये होगी। वहाँ गछवाहों के पेड़ पर से गिरने से हुयी मृृत्यु अथवा घायल होने पर अहेतुक सहायता इस मद से दी जायेगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में स्वतंत्रता सेनानी बाबू जगलाल चैधरी की मूर्ति बने वर्षों हो गये लेकिन इसकी स्थापना आज तक नहीं हो पायी है। इसके लिए बिहार के मुख्यमंत्री को प्रतिवेदन दिया जाये। फिर भी यदि तीन माह में मूर्ति नहीं लगती, तो पटना में कम से कम एक हजार पासी एकत्र होकर धरना देंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वे स्वयं इस धरने में शामिल होंगे। 

यह भी तय हुआ कि संगठन में युवाओं एवं महिलाओं को अधिकाधिक भागीदारी दी जाये। उत्तर प्रदेश, झारखण्ड, बिहार, मध्य प्रदेश, दिल्ली, तेलंगाना सभी से अनुरोध किया गया कि वे युवा संगठन के अध्यक्ष, महामंत्री, उपाध्यक्ष, संगठन मंत्री, सचिव एवं कार्यकारिणी के सदस्य के पदों पर दो माह में नियुक्ति करके राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत करायें। इसके साथ ही प्रत्येक प्रान्त अपने यहाँ प्राथमिकता पर प्रचार मंत्री/ मीडिया प्रभारी नियुक्त करे। मीडिया प्रभारी प्रदेश में होने वाली घटनाओं की सूचना राष्ट्रीय अध्यक्ष को उनके ई-मेल पते पर भेजना सुनिश्चित करेंगे।

यह भी तय हुआ कि प्रत्येक राज्य अपने यहाँ ‘महाराजा बिजली पासी प्रगतिशील पत्रिका’ जो संगठन का मुख पत्र है, के दो माह में 100-100 सदस्य अनिवार्य रूप से बनाकर मुख्यालय को सूचित करेंगे। पासी साहित्य को भी गाँवों तक पहुँचाने का कार्य प्र्रत्येक प्रदेश अध्यक्ष करेंगे।

प्रथम दिन के पूर्वाह्न में एजेन्डावार चर्चा हुयी। उसके बाद कमेटी ने बस के द्वारा राजा टीकन नाथ पासी के किले के भ्रमण के लिए प्रस्थान किया। रास्ते में मोहान में ग्रामवासियों ने कमेटी का भव्य स्वागत किया। महोना में चेयरमैन रमेश रावत व बख्शी का तालाब के अध्यक्ष रामेश्वर प्रधान ने कमेटी का स्वागत किया, जहाँ कई प्रधान मौजूद थे। 

20 अगस्त को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उ.प्र. के जिलाध्यक्षों एवं वरीय पदाधिकारियों ने भी भाग लिया। कुल मिलाकर दो दिवसीय बैठक अत्यन्त सफल रही। कमेटी के ठहरने, बेड टी, नाश्ते एवं भोजन की व्यवस्था श्रीमती शकुन्तला प्रसाद- अध्यक्ष महिला शाखा ने बखूबी निभाया, जिसकी राष्ट्रीय कार्यकारिणी के प्रतिभागियों ने खूब सराहना की। अंत में कमेटी के सदस्य 22 दिसंबर 2017 को वार्षिक अधिवेषन एवं राजा बिजली पासी के जन्मोत्सव में पुनः आने के निमंत्रण के साथ विदा हुए।

1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *